तिलहर की सड़कों पर मौत को दावत देते गड्ढे, दो तस्वीरें बनीं नगर की बदहाली की गवाही।

तिलहर/शाहजहांपुर।नगर पालिका क्षेत्र की प्रमुख और व्यस्त सड़कों की बदहाल स्थिति आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बन रहे हैं। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
खबर के साथ प्रकाशित दो तस्वीरें नगर की जर्जर सड़कों की हकीकत बयां करने के लिए काफी हैं। पहली तस्वीर मौजपुर पुलिस चौकी के पास पीरगाह तालाब किनारे की सड़क की है, जहां सड़क पर बने गहरे गड्ढे साफ दिखाई दे रहे हैं। वहीं वेलकम मैरिज लॉन के सामने स्ट्रीट लाइट के पोल की तार जमीन पर पड़ी हुई है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
दूसरी तस्वीर बिरियागंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के पास की सड़क की है। यहां सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त है, जिससे वाहन चालकों को बेहद सावधानी के साथ गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा लाल बुलाकीदास इंटर कॉलेज के सामने, मोहल्ला हिंदूपट्टी सहित नगर के कई प्रमुख मार्ग वर्षों से टूटे पड़े हैं और मरम्मत का इंतजार कर रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार बढ़ते यातायात और जर्जर सड़कें नगर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही हैं। नागरिकों ने संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराने तथा खुले पड़े बिजली के तारों को सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।