ऊँचाहार के निजी अस्पताल में 13 वर्षीय किशोरी की मौत, डॉक्टर व स्टाफ पर मुकदमा दर्ज
रायबरेली। ऊँचाहार कस्बे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती 13 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉ. सुनील चौहान और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ऊँचाहार क्षेत्र निवासी आरती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी साक्षी को तेज बुखार और निमोनिया की शिकायत के चलते 27 अगस्त को चौहान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में किशोरी का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सक के बजाय प्रशिक्षु बच्चों से कराया जा रहा था। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई परिजनों के मुताबिक, 28 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे साक्षी की मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर के आधार पर अस्पताल संचालक और स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक विनोद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और वहां मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, मृतका के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है