24 घंटे से बिजली का इंतजार, गर्मी में बेहाल 100 परिवार; धमधमा में ट्रांसफार्मर फुंकने से मचा हाहाकार
रायबरेली गदागंज पावर हाउस क्षेत्र के धमधमा गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने से करीब 100 घरों की बिजली आपूर्ति 24 घंटे से ठप है। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से ग्रामीणों और बच्चों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिजली गुल होने के कारण गांव में पानी का संकट भी गहरा गया है ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे गांव में लगा ट्रांसफार्मर अचानक जल गया था। इसके बाद से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद है। रात में ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा। शनिवार को भी दिनभर बिजली न आने से उमस और गर्मी के बीच लोगों का बुरा हाल रहा। घरों में लगे विद्युत उपकरण भी बंद पड़े हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना विद्युत विभाग को दे दी गई थी, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है गदागंज पावर हाउस के अवर अभियंता नितेश दुबे ने बताया कि जले ट्रांसफार्मर की सूचना प्राप्त हुई है। ट्रांसफार्मर बदलवाकर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।