सोलर पैनल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, सात पैनल बरामद।
शाहजहांपुर, 15 जुलाई। मदनापुर थाना पुलिस ने सोलर पैनल चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए LOOM SOLAR कंपनी के सात सोलर पैनल बरामद किए हैं तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो को सीज कर दिया है। वहीं, मौके से फरार हुए दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को केशौपुर गौटिया निवासी रतनपाल ने अपने खेत से सात सोलर पैनल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना मदनापुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की दो टीमें गठित की गईं।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गंगा एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड के पास घेराबंदी कर एक ऑटो को रोक लिया, जिसकी छत पर सोलर पैनल बंधे हुए थे। ऑटो में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पीछे मोटरसाइकिल से चल रहे दो साथी पुलिस को देखकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन (35) निवासी कुडरी, थाना जलालाबाद, पिंकू उर्फ पिंटू (29) निवासी तारापुर, थाना मिर्जापुर तथा मीनू सिंह (22) निवासी बारिया, थाना मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सात सोलर पैनल बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी चोरी, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। फरार दो आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।