दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग के आरोप में पत्नी ने पति पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, थाने में दी तहरीर
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम हजरतपुर मजरे धीरनपुर निवासी लक्ष्मी पासवान ने अपने पति दिलीप कुमार पर दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग के चलते उसे और उसके दो छोटे बच्चों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले को लेकर गदागंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता लक्ष्मी पासवान का आरोप है कि उसके पति का लालगंज थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ कथित रूप से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी के चलते पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है और बच्चों की भी देखभाल नहीं करता। महिला का यह भी आरोप है कि उसका पति शराब पीने का आदी है और घर के खर्च के लिए कोई पैसा नहीं देता।
पीड़िता ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण परिवार के सामने भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है और उसके दोनों छोटे बच्चे भूखे रहने को मजबूर हैं। महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है।
वहीं, गदागंज थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी