सड़क हादसे में घायल ग्राम प्रधान के पति की इलाज के दौरान मौत, गांव में पसरा मातम
रायबरेली। जगतपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कजियाना की ग्राम प्रधान के पति एवं प्रतिनिधि इकबाल उर्फ मुन्ना की मंगलवार रात लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दो दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था।
मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। जैसे ही उनके निधन की सूचना कजियाना गांव पहुंची, पूरे ग्राम सभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में सन्नाटा पसर गया।
इकबाल उर्फ मुन्ना ग्राम प्रधान के पति होने के साथ ही ग्राम पंचायत के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में भी गहरा दुख व्याप्त है।