थुलरई गौशाला में तीन मृत गायों के शव मिलने से मचा हड़कंप, कुत्तों के नोचने का वीडियो वायरल
रायबरेली। गदागंज क्षेत्र के दीनशाह गौरा ब्लॉक अंतर्गत थुलरई ग्राम सभा स्थित गौशाला में तीन मृत गायों के शव मिलने का मामला सामने आया है। गौशाला परिसर में पड़े मृत गायों के शवों को आवारा कुत्तों द्वारा नोचने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद गौशाला की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, गौशाला में करीब दो से तीन दिन पुराने तीन गायों के शव पड़े थे। सरकार की मंशा के अनुरूप गौशालाओं में पशुओं के लिए चारा, भूसा, साफ-सफाई और उपचार की व्यवस्था किए जाने के निर्देश हैं। इसके बावजूद थुलरई गौशाला में मृत गायों के शवों का समय पर निस्तारण न होने से यह स्थिति सामने आई।
मामले को लेकर खंड विकास अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका। वहीं, पशु चिकित्सा अधिकारी अमित कुमार बरनवाल ने बताया कि गौशाला में दो पशु बीमार थे, जिनका उपचार किया जा रहा था। उनकी मृत्यु के बाद शवों के निस्तारण में देरी होने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, डायल 112 पर शिकायत किए जाने के बाद रविवार सुबह जेसीबी की मदद से मृत गायों के शवों का निस्तारण कराया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गौशाला की साफ-सफाई, निगरानी और मृत पशुओं के समय पर निस्तारण की व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।