सार्वजनिक रास्ते के निर्माण में बाधा डालने का आरोप, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
गदागंज, रायबरेली। थाना क्षेत्र के पूरे दिखतन मजरे खोदायपुर गांव में सार्वजनिक रास्ते के निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी पवन कुमार सिंह ने अपने ही गांव के चार लोगों पर रास्ते का निर्माण कार्य रुकवाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित पवन कुमार सिंह ने स्थानीय थाने में शिकायती पत्र देकर बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से रमेश सिंह के खेत के पास से इंटरलॉकिंग मार्ग निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया था। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा जबरन रास्ते का निर्माण नहीं होने दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित का कहना है कि इस संबंध में वह पूर्व में तहसील और खंड विकास अधिकारी को भी कई बार प्रार्थना पत्र दे चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। पीड़ित ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर प्रस्तावित रास्ते का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि मामला राजस्व विभाग से संबंधित है। इसका निस्तारण समाधान दिवस में कराया जाएगा।