धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, धमधमा गांव में लगा पारंपरिक मेला
गदागंज रायबरेली धनतेरस के पावन पर्व पर क्षेत्र में भगवान धन्वंतरि की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गदागंज, दीनशाह गौरा, कोरौली, धमधमा, लल्ली की चक्की और जमुनापुर सहित आसपास के बाजारों में लोगों की खूब चहल-पहल देखने को मिली।
धनतेरस के अवसर पर धमधमा चौराहे पर वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ। मेले में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार बर्तन, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और दीपावली से जुड़ी सामग्री की खरीदारी की। वहीं बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी कर मेले का आनंद उठाया। महिलाओं ने भी गृहस्थी से जुड़े सामान की खरीदारी की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान धन्वंतरि को आरोग्य और स्वास्थ्य का देवता माना जाता है। इसी मान्यता के चलते धनतेरस पर लोगों ने अपने-अपने घरों में भगवान धन्वंतरि एवं धन के देवता कुबेर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद वितरित कर परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
धनतेरस के साथ ही पांच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरुआत हो गई है। घरों और बाजारों में दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में खरीदारी को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है और क्षेत्र में त्योहार की रौनक देखते ही बन रही है।