संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम सरनीत कौर व एसपी रवी कुमार ने सुनीं समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण
ऊंचाहार (रायबरेली), शनिवार। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को ऊंचाहार तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिला अधिकारी सरनीत कौर, पुलिस अधीक्षक रवी कुमार तथा उपजिलाधिकारी विवेक राजपूत ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जिले के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों में अपनी समस्याओं के समाधान की नई उम्मीद दिखाई दी। इसी का परिणाम रहा कि इस बार समाधान दिवस में हर बार की अपेक्षा कहीं अधिक संख्या में फरियादी पहुंचे।
जिला अधिकारी सरनीत कौर ने बताया कि विभिन्न विभागों से संबंधित 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि एक प्रकरण में तत्काल प्रभाव से वरासत की कार्रवाई भी संपन्न कराई गई। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने केवल शिकायतें सुनने तक ही स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि संबंधित विभागों के कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। जमीन से जुड़े विवादों के मामलों में जिला अधिकारी ने राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर पैमाइश करने के निर्देश दिए, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिला अधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर भी स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।