पति की पिटाई के बाद पत्नी की इलाज के दौरान मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
रायबरेली। गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के केलौली गांव में घरेलू विवाद एक महिला की मौत का कारण बन गया। आरोप है कि पति द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, केलौली गांव निवासी मनोरमा (50 वर्ष) को उनके पति रामशंकर लोधी (55 वर्ष) ने कथित रूप से घरेलू विवाद के दौरान मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर गुरबख्शगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।