दरवाजे पर थूकने का विरोध करना पड़ा भारी, महिला से मारपीट का आरोप
घर में घुसकर दरवाजा तोड़ने का भी आरोप, पीड़िता ने गदागंज थाने में दी तहरीर
रायबरेली गदागंज थाना क्षेत्र के सराय हरदो गांव में दरवाजे पर थूकने का विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मामले में गदागंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सराय हरदो गांव निवासी शालनी रैदास ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे प्रांशु पासवान निवासी पूरे जय सिंह, ग्राम गौरा हरदो, उनके घर के बगल स्थित एक क्लीनिक पर दवा लेने आए थे। इसी दौरान वह मसाला खाकर उनके दरवाजे पर थूकने लगे। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि प्रांशु पासवान और कुछ अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि जान बचाने के लिए वह अपने परिजनों के साथ घर के अंदर चली गईं और दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन आरोपितों ने दरवाजा तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की इस संबंध में थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।