जनपद न्यायालय परिसर में चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, न्यायाधीशों ने किया वृक्षारोपण।
शाहजहाँपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहाँपुर के तत्वावधान में शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने कदम का पौधा रोपित कर किया। इसके बाद प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय नरेंद्र कुमार तृतीय ने कचनार का पौधा लगाया। प्रधान न्यायाधीश, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) मोहम्मद रिजवान अहमद सहित अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, आशीष कुमार वर्मा, नेहा आनंद, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतिभा सिंह तथा प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह ने भी न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी की अमूल्य धरोहर हैं। पर्यावरण संरक्षण और संतुलित जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए।
कार्यक्रम में न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, पीएलवी अनिल कुमार वर्मा, वन विभाग के वन दरोगा सुशील कुमार, श्यामवीर और सुनील कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।