रेड क्रॉस और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय ने संयुक्त रूप से किया वृक्षारोपण।
शाहजहाँपुर। “माँ के नाम एक पेड़” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय (नगर) एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहाँपुर द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष के निर्देशन में किया गया।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जिस प्रकार माँ हमारा पालन-पोषण करती हैं, उसी प्रकार वृक्ष मानव जीवन को प्राणवायु, स्वच्छ वातावरण और शुद्ध पर्यावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जिला पर्यावरण समिति के शासन नामित सदस्य अतुल सक्सेना ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अचला गुप्ता ने भी सभी नागरिकों से अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि रेड क्रॉस का उद्देश्य मानव सेवा और मानव जीवन की रक्षा करना है। वृक्षारोपण भी मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है, क्योंकि एक वृक्ष वर्षों तक अनगिनत लोगों को प्राणवायु प्रदान करता है। उन्होंने प्रदेश सरकार के हरित अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान रेड क्रॉस कार्यालय की ओर से लोगों को पौधों का वितरण भी किया गया।
इससे पूर्व हथौरिया गांव में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी रेड क्रॉस सोसाइटी की सहभागिता रही। जिलाधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया।
कार्यक्रम में सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरोज श्रीवास्तव, बृजेश गुप्ता, अजय शर्मा, पंडित गजेंद्रनाथ आचार्य, रियाजुद्दीन, नवजोत सिंह, योगाचार्य मृदुल गुप्ता, श्रीमती पूजा देवी, श्रवण अनुपम, शैलेन्द्र गुप्ता सहित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवक तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया और प्रदेश सरकार के हरित अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का संदेश दिया।