मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 205 जोड़ों का विवाह संपन्न, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने दिया आशीर्वाद।
शाहजहांपुर, 12 जुलाई। राजकीय इंटर कॉलेज के खिरनीबाग मैदान में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 205 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कुल 177 हिंदू एवं 28 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं, जिसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन एवं व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर वर्तमान में विवाह संपन्न कराए जा रहे हैं तथा शेष आवेदनों के लिए नवंबर में अगला सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कन्या सुमंगला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा और विवाह तक उनके सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नवविवाहित दूल्हों से अपनी पत्नियों का सम्मान करने और उन्हें हर परिस्थिति में सहयोग देने की अपील की।
समारोह को विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, सांसद अरुण कुमार सागर तथा जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव को बढ़ावा देने के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह की सुविधा उपलब्ध करा रही है। मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।