राज्यपाल के निर्देशों के बावजूद जनहित की मांगों पर कार्रवाई न होने का आरोप, जनसत्याग्रह की चेतावनी।
तिलहर/शाहजहांपुर। भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रमोद यादव “जनसेवक” ने आरोप लगाया है कि माननीय राज्यपाल उत्तर प्रदेश के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद तिलहर क्षेत्र से जुड़े 15 सूत्रीय जनहित मांगपत्र की कई प्रमुख मांगों पर अभी तक स्थानीय प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
प्रमोद यादव ने कहा कि तिलहर और शाहजहांपुर का प्रशासन कुछ भ्रष्ट नेताओं के प्रभाव में कार्य करते हुए जनहित की उपेक्षा कर रहा है। उनका आरोप है कि प्रशासन जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन बना हुआ है, जिससे क्षेत्रवासियों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो बड़ा जनसत्याग्रह शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाले जनाक्रोश की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
भारतीय कृषक दल ने प्रशासन से मांग की है कि 15 सूत्रीय मांगपत्र पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।