SP मुखिया अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक से फोन पर बात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली: अनशन समाप्त करने की अपील।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विश्व विख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनके सत्याग्रह को उनका खुला समर्थन है, लेकिन जनहित और स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें अपना अनशन समाप्त कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति, उनके परिवार और शुभचिंतकों की भी यही अपेक्षा है कि वे अपना स्वास्थ्य ठीक कर नई ऊर्जा के साथ आगे के जनआंदोलनों का नेतृत्व करें।
उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का नैतिक बल देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और दुनिया भर से आ रहे आग्रहों का सम्मान करते हुए उन्हें पहले स्वास्थ्य लाभ लेना चाहिए, उसके बाद जनहित के मुद्दों पर अपने अभियान को आगे बढ़ाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में केंद्र सरकार और भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक के आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे ध्यान से भारत की लोकतांत्रिक छवि पर भी असर पड़ रहा है।
उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए तथा अंत में सोनम वांगचुक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।