मिशन शक्ति 0.6 के तहत गदागंज पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, महिलाओं और बालिकाओं को बताए सुरक्षा के उपाय
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के बाबा का पुरवा और जबर का पुरवा में रविवार को गदागंज पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज 0.6 के तहत महिला एवं बालिका जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1090, 1930, 112, 108, 101, 181 और 1076 के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय और जरूरी सावधानियां भी बताईं। महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने घर के पुरुषों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि से बचाव किया जा सके।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
इस मौके पर दरोगा अनिल शर्मा, हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह और महिला कांस्टेबल कल्पना यादव मौजूद रहीं।
इस संबंध में थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि मिशन शक्ति फेज 0.6 के तहत थाना क्षेत्र के सभी विद्यालयों और गांवों में पुलिस टीम पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उन्हें उनके अधिकारों की जानकारी देना और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।