गंगा एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर: अनियंत्रित होकर पलटी मिनी बस, महिला-बच्चों समेत एक दर्जन से अधिक घायल
रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐहार स्थित गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनी बस में सवार सभी लोग मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने के बाद काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में घायल सभी लोग पश्चिम बंगाल के हावड़ा और कोलकाता के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।