निर्माणाधीन पिलर और टीन शेड का गेट तोड़ने का आरोप, वीडियो वायरल
पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ थाने में दी तहरीर,
गदागंज। थाना क्षेत्र के बनपुरवा मजरे भगवंतपुर चंदनिहा गांव निवासी धनराज सिंह ने अपने ही पड़ोस के चार लोगों पर जबरन निर्माणाधीन पिलर और टीन शेड का गेट तोड़ने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने स्थानीय थाने में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित धनराज सिंह के अनुसार, मंगलवार को उन्होंने अपनी जमीन पर पिलर व बीम का निर्माण कराकर टीन शेड का गेट लगाया था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के महिला व पुरुषों ने दबंगई के बल पर निर्माणाधीन पिलर और टीन शेड का गेट तोड़कर गिरा दिया। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में गदागंज थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में है। मामला राजस्व से संबंधित प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।