शिकायत के बाद भी नहीं हटा घर के सामने का घूरा, पीड़िता ने पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप
गदागंज थाना के मखदूमपुर चौकी क्षेत्र के पूरे लाल का पुरवा मजरे सुदामापुर की निवासी उत्तरा देवी ने आरोप लगाया है कि उनके घर के निकास के ठीक सामने गांव के कुछ लोगों द्वारा लगातार घूरा डाला जा रहा है। इससे घर से निकलने में परेशानी के साथ-साथ गंदगी और संभावित संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है पीड़िता के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए वह स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को अब तक 16-17 प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद घूरा हटाने को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है उत्तरा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक सप्ताह पूर्व विपक्षी पक्ष के लोगों ने उनके दरवाजे पर चढ़कर उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। इसके बावजूद गदागंज थाना पुलिस द्वारा अब तक आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनका परिवार भयभीत है। उनका कहना है कि स्थानीय पुलिस-प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बाद अब उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है।
उत्तरा देवी ने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर घर के निकास के सामने डाले जा रहे घूरे को तत्काल हटवाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मारपीट एवं धमकी देने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।