जमीन पर कब्जे और पेड़ काटने का आरोप, विरोध करने पर लाठी-डंडों से लैस लोगों की गाली-गलौज का वीडियो वायरल
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे जैकी मजरे धीरनपुर गांव में जमीन पर जबरन कब्जा करने और खेत में लगे पेड़ काटने का मामला सामने आया है। पीड़ित लालबहादुर यादव ने गांव के ही लालता प्रसाद पर जमीन पर कब्जा करने और खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तार को उखाड़कर फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं, विरोध करने पर लाठी-डंडों से लैस होकर गाली-गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।
पीड़ित लालबहादुर यादव के अनुसार, उनकी भूमि पर नीम, चिलवर और शीशम के पेड़ लगे हुए हैं। आरोप है कि इनमें से चिलवर का एक पेड़ काट दिया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो चार से पांच लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर लाठी-डंडों से लैस होकर गाली-गलौज करने लगे।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि वह अपने खेत की सुरक्षा के लिए तार लगाते हैं तो उसे उखाड़कर फेंक दिया जाता है। उन्होंने संबंधित लोगों पर दबंगई करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की शिकायत गदागंज थाने में की है लालबहादुर यादव ने बताया कि मौके पर डायल 112 पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन समझाने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गदागंज थाना प्रभारी बालेन्दु गौतम ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी