साइबर ठगी का शिकार हुआ युवक, मोबाइल हैक होते ही खाते से उड़ गए 99 हजार रुपये
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। सोलर प्लांट लगवाने के लिए बैंक से लोन लेने वाले एक युवक के खाते से 99 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत संबंधित बैंक और पुलिस से की है जानकारी के अनुसार, गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे रामनाथ मजरे दाउदपुर गड़ाई निवासी आशीष कुमार मौर्य का यूको बैंक गदागंज शाखा में खाता है। उन्होंने सोलर प्लांट लगवाने के लिए बैंक से लोन कराया था। पीड़ित के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:27 बजे उनके खाते में 1 लाख 89 हजार रुपये आए। आरोप है कि रकम खाते में आने के महज दो मिनट के भीतर उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से 99 हजार रुपये निकल गए पीड़ित ने बताया कि यह रकम मिस्टर रंजन गांगुली के फोन पे खाते में ट्रांसफर हुई है। घटना की जानकारी होने पर उन्होंने संबंधित बैंक और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है