दीनशाह गौरा में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
रायबरेली। विकास क्षेत्र दीनशाह गौरा के शिव नारायण सिंह इंटर कॉलेज परिसर में ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ शिव नारायण सिंह इंटर कॉलेज के प्राचार्य संजय प्रताप सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं ध्वजारोहण के साथ किया। इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम की भावना विकसित होती है, जिसका लाभ उन्हें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में मिलता है।
दौड़ प्रतियोगिताओं में सूरज का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। जूनियर स्तर के बालक वर्ग की 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में सूरज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक स्तर की बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अलका तथा 200 मीटर दौड़ में माहिरा प्रथम रहीं। वहीं, जूनियर स्तर की बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शिखा, 200 मीटर में सानिया और 400 मीटर दौड़ में अवंतिका ने प्रथम स्थान हासिल किया।
लंबी कूद में बालक वर्ग से सूरज और बालिका वर्ग से रीना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में संदीप ने बाजी मारी।
कबड्डी और खो-खो में टीमों ने दिखाया दमखम
कबड्डी प्रतियोगिता में जूनियर स्तर के बालक वर्ग में थुलरई की टीम विजेता रही। प्राथमिक स्तर की बालिका वर्ग की कबड्डी में थुलरई की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि धमधमा की टीम उपविजेता रही। जूनियर स्तर की बालिका वर्ग की कबड्डी में बिन्नवा की टीम विजेता बनी। वहीं, जूनियर स्तर के बालक वर्ग की कबड्डी में भी थुलरई की टीम ने जीत दर्ज की।
खो-खो प्रतियोगिता के प्राथमिक स्तर की बालिका वर्ग में धमधमा की टीम प्रथम रही। जूनियर स्तर की बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में धमधमा की टीम विजेता और जलालपुर धई की टीम उपविजेता रही।
खेलों से होता है शारीरिक और मानसिक विकास
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शाखा गौरा के अध्यक्ष शैलेश पांडे ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही उनमें टीम भावना, प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होता है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन व्यायाम शिक्षक एवं एसआरजी सुनील यादव ने किया। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षकों और उपस्थित अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर हरिकेश बहादुर यादव, अखिलेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह, उमेश त्रिवेदी, दुशान्त प्रताप, ब्रजेंद्र सिंह, मनीष दीक्षित, अरवाब हैदर, रमन सिंह, प्रणव कुमार, दिलीप कुमार, सिद्धनाथ, किरन सिंह, नितिन मिश्रा, उदय चन्द्र, अर्पित यादव, राहुल द्विवेदी, राकेश मिश्रा, सर्वेंद्र सिंह, उमेश वर्मा, सर्वेश कुमार, हेमन्त सिंह, नितिन सोनी, संजीव सोनी, उमेश त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे